मै अकेला ही चला था इस महा संसार में
लक्ष्य पाने की कामना किन्तु हर पल साथ में
मार्ग होगा यूँ कठिन ये मुझे अज्ञात था
जानता था निज भाग्य किन्तु है मेरे ही हाथ में
बढ़ता रहूँ निज लक्ष्य को केवल छह न कोई दूजा है
मेरे लिए तो लक्ष्य है शिव और जीवन ही एक पूजा है
नित नए लोग मिलते है जीवन में समय बिताने को
किन्तु कुछ ही आगे आते है मेरा साथ निभाने को
कुछ तो चलने से पहले ही थक बैठ कहीं पर जाते हैं
कुछ यूँ ही हाथ पकड़ लेते है मेरा मन बहलाने को
हर सरिता मिलती सागर को व्यवहार न कोई दूजा है
मेरे लिए तो लक्ष्य है शिव और जीवन ही एक पूजा है
कोई कहता जीवन हाला और पीने वाले पागल है
कोई कहता जीवन मेरा कष्टों का कडवा सा फल है
किन्तु मै तो साधक ठहरा मै कहता हूँ यही सुनो
कष्ट तो बस नैवेद्य है मेरे अश्रु स्वेद गंगाजल है
मैं अज्ञानी मेरे लिए जीवन का अर्थ न कोई दूजा है
मेरे लिए तो लक्ष्य है शिव और जीवन ही एक पूजा है
मेरे लिए तो लक्ष्य है शिव और जीवन ही एक पूजा है
No comments:
Post a Comment